
जालंधर के कूल रोड स्थित प्रसिद्ध अग्रवाल ढाबे और उससे जुड़े रिहायशी घर पर GST विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। केंद्र से विशेष रूप से पहुंची GST टीम ने सुबह ढाबे पर दबिश देते ही सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और अंदर मौजूद दस्तावेजों की विस्तृत जांच शुरू कर दी। विभाग ने मुख्य द्वार पर पर्दे कर दिए, ताकि किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके।
कार्रवाई की खबर फैलते ही ढाबे के कर्मचारियों और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी जानकारी पर टिप्पणी करने से परहेज किया।
सूत्रों के अनुसार, ढाबे के रिकॉर्ड में टैक्स से जुड़ी गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं, जिसके बाद यह छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि विभाग की एक टीम ढाबा संचालकों के घर पर भी सर्च कर रही है। अब तक की जांच में करीब 3 करोड़ रुपये नकद मिलने की पुष्टि हुई है, जिसे विभाग ने जब्त कर लिया है।
GST अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह छापेमारी पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।








