
पंजाब के जालंधर जिले के गोराया इलाके में रविवार सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया जब नेशनल हाईवे पर एक तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि राधा स्वामी सत्संग घर के पास राहगीरों ने सड़क के आसपास तेंदुए को घूमते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार जब टीम घटनास्थल पर पहुंची तो तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हालत में गोराया के रेडियो स्टेशन के सामने हाईवे के पास बने खाले के किनारे पड़ा हुआ मिला।
वन विभाग की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेंदुए को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल मृत तेंदुए को पोस्टमॉर्टम के लिए जालंधर भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्लौर में वन विभाग द्वारा उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।








