
गोराया (जालंधर): गोराया क्षेत्र के गांव माहला में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक द्वार में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाके में भारी रोष का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने इसे आस्था पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली जसप्रीत कौर ने बताया कि वह शाम करीब पांच बजे गुरुद्वारा साहिब गई थीं। उस समय अंदर कोई मौजूद नहीं था, उन्होंने बाहर से माथा टेककर घर लौट गईं। लगभग एक घंटे बाद, शाम छह बजे के करीब, गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना को अंजाम दिया गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अंग फाड़कर फेंके गए हैं।
सूचना मिलते ही गांववासी बड़ी संख्या में गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। बताया गया कि गुरुद्वारा परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन घटना के समय कोई भी कैमरा कार्यरत नहीं था। यह गुरुद्वारा गांव का सबसे पुराना और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माना जाता है, हालांकि यहां स्थायी ग्रंथी सिंह की नियुक्ति नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। डीएसपी फिल्लौर और एसएचओ गोराया ने स्थिति का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। गांव की सरपंच बलविंदर कौर ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।








