
फिरोजपुर पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीमा पार नशा तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को करोड़ों रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने साझा की है।
डीजीपी के अनुसार, फिरोजपुर पुलिस ने थाना सदर के अंतर्गत गांव चांदीवाला निवासी मनजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.507 किलो हेरोइन बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के संबंध पाकिस्तान में बैठे तस्करों से हैं।
इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी के आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है। पंजाब पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कह रही है और राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।









