फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव नाजू शाह मिश्री वाला में रविवार देर रात नशा तस्कर पर रेड करने गई पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया गया। इस दौरान तस्कर ने ए.एस.आई. बलवंत सिंह की रिवॉल्वर छीनकर उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से ए.एस.आई. बलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सुपर स्पेशलिटी अनिल बागी अस्पताल, फिरोजपुर में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
एसपी इन्वेस्टिगेशन मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव का एक व्यक्ति हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। उसी सूचना पर पुलिस टीम ने छापामारी की। लेकिन जैसे ही पुलिस ने घर पर दबिश दी, आरोपी तस्कर और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान तस्कर ने ए.एस.आई. बलवंत सिंह की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी, जिससे ए.एस.आई. के जबड़े में गोली लगी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर पंजाब में बढ़ती नशे की तस्करी और उससे जुड़ी हिंसा पर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई हर हाल में जारी रहेगी।








