
फगवाड़ा से इस समय की बड़ी ख़बर सामने आई है, जहां शिव सेना नेता इंदरजीत करवल व उनके बेटे और युवा शिव सेना नेता जिम्मी करवल पर देर शाम हमला किया गया। घटना के बाद पूरे शहर में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने 3 से 4 राउंड फायर होने की चर्चा की है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। फायरिंग की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखे।
बताया जा रहा है कि हमले के पीछे पुराने विवाद से जुड़े एक युवक के करीबी का नाम चर्चा में है। यह वही पुराना मामला है जिसमें वर्षों पहले एक युवक की जान चली गई थी। हालांकि पुलिस ने अब तक किसी भी व्यक्ति की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
घटना में गंभीर रूप से घायल जिम्मी करवल को तुरंत फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले की जानकारी मिलते ही फगवाड़ा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है।








