
पंजाब के धीना क्षेत्र में रहने वाले भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त कर्नल के साथ ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने शून्या ट्रेडिंग एप में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पूर्व कर्नल से कुल 37 लाख 66 हजार 144 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर जालंधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम सेल के माध्यम से 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व कर्नल अशोक कुमार निवासी धीना ने बताया कि जुलाई 2025 में उन्हें व्हाट्सएप के जरिए एक संदेश मिला था, जिसमें शून्या ट्रेडिंग एप के माध्यम से सुरक्षित निवेश और बेहतर रिटर्न का दावा किया गया था। भरोसा करने से पहले उन्होंने इंटरनेट पर एप और संबंधित कंपनी की जानकारी भी खंगाली, जो देखने में पूरी तरह वैध प्रतीत हो रही थी।
पीड़ित के अनुसार 3 जुलाई से 3 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में उनसे कुल 37.66 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। जब तय समय पर रिटर्न मिलने की बारी आई, तो संपर्क में रहने वाले सभी लोग अचानक फोन और मैसेज का जवाब देना बंद कर गए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तुरंत जालंधर पुलिस से संपर्क किया।
साइबर क्राइम सेल ने जांच के दौरान जिन मोबाइल नंबरों से कॉल आए थे और जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए थे, उनकी डिटेल्स निकलवाई। इसके आधार पर देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों, मोबाइल डेटा और डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी अनजान लिंक या एप पर भरोसा न करें।








