
इंग्लैंड से आईं सौंदर्य प्रतियोगिता की विजेता Grace Richardson और Charlotte Grant ने अमृतसर स्थित विश्व प्रसिद्ध सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों ने गुरु घर में नतमस्तक होकर पूरी दुनिया की खुशहाली और सरबत के भले के लिए अरदास की।
दरबार साहिब में दर्शन करने के बाद दोनों ने पवित्र अमृत सरोवर के दर्शन किए और गुरबाणी कीर्तन सुनकर गहरी आत्मिक शांति महसूस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब का वातावरण बेहद शांत, आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ है, जहां हर धर्म और देश से आने वाले लोग समान श्रद्धा के साथ माथा टेकते हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों ने कहा कि उनके लिए यह बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है कि उन्हें दुनिया के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक श्री दरबार साहिब के दर्शन करने का अवसर मिला।
उन्होंने सिख धर्म की सेवा भावना, समानता और लंगर की परंपरा की भी खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि यहां आकर उन्हें मानवता, भाईचारे और शांति का अनोखा संदेश मिला है।
दोनों ने कहा कि इस पवित्र स्थल की यात्रा उनके लिए एक यादगार अनुभव है और वे यहां से दुनिया भर में शांति और भाईचारे का संदेश लेकर जाएंगी।








