
अमेरिका में पंजाबी मूल के ट्रक ड्राइवरों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए पंजाबी ड्राइवरों को सख्त संदेश दिया है। पोस्ट में उन्होंने बताया कि 7,200 से अधिक पंजाबी ट्रक ड्राइवर अंग्रेज़ी भाषा की परीक्षा में फेल हो गए हैं, जिसके बाद उन्हें “आउट ऑफ सर्विस” कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन (DOT) द्वारा ट्रक ड्राइवरों के लिए अंग्रेज़ी भाषा दक्षता (English Language Proficiency – ELP) नियम को सख्ती से लागू करने के बाद शुरू हुई। अक्टूबर 2025 तक 7,200 से अधिक वाणिज्यिक ड्राइवरों को सेवा से बाहर कर दिया गया है क्योंकि वे रोडसाइड इंग्लिश प्रोफिशिएंसी टेस्ट पास नहीं कर पाए।
इन कार्रवाइयों की शुरुआत तब हुई जब भारतीय मूल के कुछ ट्रक ड्राइवरों से जुड़े कई घातक सड़क हादसों ने अमेरिकी हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए। इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने यह कदम सुरक्षा मानकों को सख्त करने के उद्देश्य से उठाया है।
वहीं, अमेरिकी ट्रकिंग एसोसिएशनों और दक्षिण एशियाई संगठनों ने सरकार से अपील की है कि यह परीक्षा निष्पक्ष और व्यावहारिक मानकों के आधार पर ली जाए, ताकि अनुभवी ड्राइवरों को भाषा के कारण नौकरी से हाथ न धोना पड़े।
इस निर्णय से अमेरिका में बसे भारतीय, खासकर पंजाबी ट्रक ड्राइवर समुदाय में भारी चिंता और असंतोष फैल गया है।








