
भोगपुर से जालंधर जाने वाले हाईवे पर काला बकरा रोड के पास सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के चलते सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे बजरी से लदे टिप्पर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक पठानकोट से जालंधर की ओर जा रहा था। काला बकरा के पास अचानक ट्रक का टायर फट गया। इसके बाद चालक ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टिप्पर ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बीच फंस गए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स को दी। सूचना मिलते ही थाना काला बकरा की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। घायल चालक को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।









