
पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “अपना बिजनेस, अपनी पहचान” अभियान के तहत बरनाला में महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने ब्लॉक बरनाला की 100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया।
बरनाला क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि उद्यमी महिलाओं को सम्मानित करने की यह पहल महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मीत हेयर ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत सबसे पहले हलका स्तर पर महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें जिला स्तर पर सम्मान दिया जाएगा और कार्यक्रम का अंतिम चरण इसी महीने आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में होगा।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पंजाब की शीर्ष 100 महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक चयनित महिला उद्यमी को उनकी उपलब्धियों के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
सांसद ने कहा कि राज्य भर की महिलाओं से इस कार्यक्रम को काफी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें समाज में सम्मान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं अपने मेहनत और प्रयासों से न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं।
इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन राम तीरथ मन्ना, सरदार हरिंदर सिंह धालीवाल, स्मृति कौशल, महिला नेता निशा शर्मा, सुखविंदर कौर सुखी संघेरा, जसवंत कौर गिल, रविंदर कौर सिद्धू, लक्ष्मी रानी समेत पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









