पंजाब के अमृतसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में लिया गया एक युवक फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि उसे भगाने में एक महिला ने मदद की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर के गेट हकीमां थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को धोखाधड़ी (420) के मामले में गिरफ्तार किया था। युवक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया जा रहा था, तभी बीच रास्ते में यह घटना घट गई।
बताया जा रहा है कि लॉरेंस रोड चौक के पास ट्रैफिक जाम के चलते पुलिस वाहन को रोकना पड़ा। इसी दौरान युवक ने मौका देखकर गाड़ी का दरवाजा खोला और बाहर निकल गया। उसी समय एक महिला थार गाड़ी में वहां पहुंची और युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गई।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी और महिला की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।










