
पश्चिम एशिया में Iran और Israel के बीच बढ़े सैन्य तनाव का असर अब पंजाब के अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क पर भी दिखने लगा है। Sri Guru Ram Dass Jee International Airport से खाड़ी देशों के लिए संचालित कई प्रमुख उड़ानों को अचानक निलंबित या रद्द कर दिया गया है। इससे सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे नजर आए।
जानकारी के मुताबिक, ईरानी हवाई क्षेत्र असुरक्षित होने के कारण IndiGo की अमृतसर-शारजाह, Air India Express की अमृतसर-दुबई और Qatar Airways की दोहा-अमृतसर उड़ान रद्द करनी पड़ी। दुबई, शारजाह और दोहा के लिए पंजाब से बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार और पर्यटक सफर करते हैं। उड़ानें रद्द होने से उनकी योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्रियों में नाराजगी
सुबह से ही टर्मिनल पर भारी भीड़ रही। कई यात्री गांवों से लंबा सफर तय कर पहुंचे, लेकिन मौके पर आकर उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली। अंतिम समय पर सूचना मिलने से यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ के बीच बहस भी हुई। बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे परिवारों को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी।
किराए में 30-40% तक बढ़ोतरी
सूत्रों के अनुसार, जिन उड़ानों को वैकल्पिक रूट से भेजा जा रहा है, उनका सफर 2-3 घंटे लंबा हो गया है। इससे ईंधन खर्च बढ़ा है और टिकटों के दाम भी चढ़ गए हैं। दिल्ली के रास्ते लंदन और न्यूयॉर्क जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट्स के किराए में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।








