
हरियाणा के Ambala में हाल ही में बरामद हुए करीब 2 किलो RDX और विस्फोटक सामग्री के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह RDX पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत पहुंचाया गया था।
जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर और आतंकी Shahzad Bhatti के इशारे पर किया जा रहा था। आरोपियों के अनुसार भट्टी ने अमृतसर में उन्हें विस्फोटक सामग्री उपलब्ध करवाई थी, जिसे बाद में अलग-अलग स्थानों पर इस्तेमाल करने की योजना बनाई गई थी।
कई राज्यों में की गई रेकी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी की थी। उन्होंने पुलिस थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की वीडियो बनाकर व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान भेजी थी। जांच में यह भी पता चला कि संभावित हमले के लिए कई स्थानों की पहचान की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में से एक अली अकबर उर्फ बाबू राजस्थान के अजमेर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। अन्य आरोपियों की पहचान जंगबीर और अंस के रूप में हुई है।
पहले राजस्थान में धमाके की थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शुरुआती योजना राजस्थान के Hanumangarh में बम धमाका करने की थी। इसके लिए आईईडी वहां पहुंचाई भी गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से विस्फोट नहीं हो सका। करीब चार दिन बाद वह आईईडी बरामद कर ली गई।
इसके बाद आरोपियों को फिर से नए संभावित टारगेट तलाशने के लिए हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ के कई स्थानों की वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए थे।
अदालत ने सात दिन के रिमांड पर भेजा
Special Task Force Haryana ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 1 किलो 975 ग्राम RDX, IED, डेटोनेटर और बैटरी बरामद की है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साजिश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं, ताकि किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश को पूरी तरह बेनकाब किया जा सके।








