
खन्ना में आम आदमी पार्टी किसान विंग के अध्यक्ष तरलोचन सिंह उर्फ डी.सी. के हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रंजीत सिंह निवासी इकलोहा को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में प्रेस वार्ता के दौरान आई.जी. धनप्रीत कौर ने बताया कि जिस लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारी गयी थी, उसे भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में शिरोमणि अकाली दल किसान विंग के उपाध्यक्ष तेजिंदर सिंह इकोलाहा और उनके भाई कुलविंदर सिंह को भी नामजद किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए आई.जी. धनप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे हरप्रीत सिंह के बयानों पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक इस मामले में कोई राजनीतिक रंजिश सामने नहीं आई है। यह हत्या आपसी दुश्मनी के चलते की गई है। कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसे लेकर दोनों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी।








