बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई कथित अभद्रता और विवाद के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बरनाला सब-डिवीजन के डीएसपी सतवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद हरमीत सिंह मीत हेयर ने दी।
मीत हेयर ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत संबंधित डीएसपी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसी भी नागरिक के साथ अन्याय, दुर्व्यवहार या अधिकारों के उल्लंघन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार की नीति स्पष्ट है कि ऐसे मामलों में बिना देरी के कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मीत हेयर ने कहा कि भगवंत मान सरकार हर नागरिक की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति केवल एक घोषणा नहीं बल्कि प्रशासनिक स्तर पर लागू की जा रही है। इसी नीति के तहत घटना सामने आने के कुछ ही समय बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।












