आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य से गैंगस्टरवाद और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पंजाब को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशा-मुक्त बनाना है।
धालीवाल के अनुसार, सरकार का ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान अब अपने 164वें दिन में पहुंच चुका है और इस दौरान पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43,127 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है।
नशा तस्करों के खिलाफ भी तेज अभियान
AAP नेता ने कहा कि राज्य में ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान के 489वें दिन पुलिस ने 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और 187 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
धालीवाल के मुताबिक, इस अभियान के तहत अब तक 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सरकार ने अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए सरकार किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।
धालीवाल ने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने वाले, युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।
जनकल्याण योजनाओं का भी किया जिक्र
कुलदीप सिंह धालीवाल ने दावा किया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी समान रूप से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए चुनावी वादों को पूरा किया जा रहा है और विभिन्न सामाजिक योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।











