पंजाब के लुधियाना में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-32 में पुरानी रंजिश के चलते हथियारबंद बदमाशों ने तीन युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सरेआम दो हवाई फायर किए और एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर इनोवा कार में फरार हो गए। घटना में दो युवक घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
कुलचा खाने पहुंचे थे तीन दोस्त, तभी पहुंच गए हमलावर
जानकारी के अनुसार दिलजोत, सचिन और शुभम सेक्टर-32 स्थित एक फूड पॉइंट पर खाना खाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इन युवकों की दूसरे गुट के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 10 से 12 हथियारबंद युवक इनोवा कार में मौके पर पहुंचे और तीनों को घेर लिया।
हमले के दौरान सचिन मौके से भागने में सफल रहा, जबकि शुभम और दिलजोत को बदमाशों ने पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों के साथ मारपीट की गई। जब शुभम ने विरोध किया तो हमलावरों ने पिस्तौल निकाल ली और दहशत फैलाने के लिए लगातार दो हवाई फायर कर दिए। इसके बाद शुभम को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। मारपीट में दिलजोत गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग से बाजार में मची अफरा-तफरी
सरेआम फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। दुकानदारों और राहगीरों ने अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागकर जान बचाई। घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मौके से मिले कारतूस के खोल, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही एसीपी और थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से दो कारतूस के खोल बरामद किए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में संदिग्ध वाहन और आरोपी घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित के बयान के आधार पर संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। वाहन के नंबर और आरोपियों के संभावित ठिकानों की पहचान कर अलग-अलग टीमें छापेमारी में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।










