शहर के स्थानीय बस स्टैंड के समीप स्थित माल गोदाम रोड पर शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ युवकों ने कथित आपसी रंजिश के चलते एक दफ्तर और सैलून में जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों प्रतिष्ठानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों तक लपटें फैलने से रोक ली गईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
पहले विवाद, फिर रात को हमला
पीड़ित दुकानदार लवलीन ने बताया कि शाम के समय शहर के कुछ युवकों के साथ उनका मामूली विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देर रात आरोपी अपने साथियों के साथ वापस आए और लोहे की रॉड से दफ्तर के शीशे, फर्नीचर और अन्य सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
सैलून भी आग की चपेट में आया
आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित मनप्रीत का सैलून भी इसकी चपेट में आ गया। सैलून के अंदर रखा फर्नीचर, मशीनें, कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। शुरुआती अनुमान के अनुसार दोनों दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर दुकान की ओर जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक शराब के नशे में थे।
फायर ब्रिगेड ने बचाया बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार रात करीब 8:30 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस ने दर्ज किए बयान, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर न्याय दिलाने की मांग की है।










