मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित फर्जी वीडियो के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस पर मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने तथा पंजाब के सामाजिक सौहार्द और विकास को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित प्रदर्शनों में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि कुछ राजनीतिक दल धर्म और सामाजिक भावनाओं का दुरुपयोग कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मोहाली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ ‘आप’ नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अकाली दल द्वारा फैलाए गए कथित भ्रामक प्रचार और फर्जी वीडियो का उद्देश्य पंजाब की शांति एवं सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन राजनीतिक साजिशों को भलीभांति समझते हैं और प्रदेश के हितों के खिलाफ किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे। चीमा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की लोकप्रियता और सरकार के विकास कार्यों से घबराकर विपक्षी दल झूठे प्रचार का सहारा ले रहे हैं।
मान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने अब तक पारदर्शी प्रक्रिया के तहत करीब 44 हजार सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। इसके अलावा गांवों में खेल मैदानों का विकास, करीब 45 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में हो रहे विकास कार्यों ने विपक्षी दलों की राजनीतिक जमीन कमजोर कर दी है, जिसके चलते वे अब फर्जी सामग्री और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रहे हैं।
पंजाब की शांति और विकास से खिलवाड़ नहीं होने देंगे
‘आप’ नेताओं ने कहा कि यह प्रदेशव्यापी प्रदर्शन जनता को सच्चाई से अवगत कराने और झूठे प्रचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आयोजित किया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पंजाब की शांति, सामाजिक सद्भाव और विकास को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग सच और झूठ के बीच फर्क करना जानते हैं और किसी भी तरह की मनगढ़ंत सामग्री के आधार पर उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता।












