आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने अकाली दल और बादल परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को बदनाम करने के लिए रची गई साजिश पूरी तरह विफल हो गई है। उन्होंने कहा कि कथित फोरेंसिक रिपोर्ट के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई, लेकिन पंजाब के लोग सच्चाई को भली-भांति समझते हैं।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बलतेज पन्नू ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब पूरी दुनिया के सिख समुदाय की सर्वोच्च और सम्मानित संस्था है, लेकिन अकाली दल और बादल परिवार अपनी घटती राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए इसे राजनीतिक मंच के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
कथित फोरेंसिक रिपोर्ट पर उठाए सवाल
पन्नू ने कहा कि जिस कथित फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसमें कहीं भी वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की स्पष्ट पहचान नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट जवाब देने से ज्यादा नए सवाल खड़े करती है।
उन्होंने पूछा कि यदि वीडियो वास्तविक है तो उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति कौन है, उसकी पहचान क्या है और संबंधित स्थान की पुष्टि क्यों नहीं की गई? उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी पूरे मामले को विस्तार से जनता के सामने रखेगी।
अकाली दल के शासनकाल की दिलाई याद
AAP नेता ने कहा कि वर्ष 2015 के दौरान पंजाब में हुए बेअदबी मामलों, कोटकपूरा और बहबल कलां घटनाओं को लेकर आज भी लोगों को न्याय का इंतजार है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता में मौजूद नेताओं ने इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
पन्नू ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में पंजाब ऐसे गंभीर मामलों से गुजरा, वे आज नैतिकता और धार्मिक मुद्दों पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
मान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में नहरों के पानी की पहुंच 21 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़क सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिसके चलते जनता का भरोसा सरकार पर लगातार बढ़ रहा है।
बेअदबी विरोधी कानून का किया जिक्र
पन्नू ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया है। उनके अनुसार यही वजह है कि राजनीतिक विरोधी दल इस मुद्दे पर असहज महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार धार्मिक भावनाओं के सम्मान और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जनता करेगी फैसला
AAP नेता ने कहा कि पंजाब के लोग राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और वास्तविक विकास कार्यों के बीच अंतर अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता सम्मानित धार्मिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल स्वीकार नहीं करेगी और सच के साथ खड़ी रहेगी।








