पंजाब में अब गंभीर बीमारी का इलाज परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ नहीं बनेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार की ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ राज्य के लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है। इस योजना के तहत पंजाब के वास्तविक निवासियों को प्रति परिवार हर साल ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
बीमारी के समय कर्ज लेना, गहने गिरवी रखना या जमीन बेचने जैसी मजबूरियां अब धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही हैं। सरकार का दावा है कि यह योजना खास तौर पर मध्यम वर्ग, सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और आम परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने का काम कर रही है।
1.59 लाख से ज्यादा लोगों को मिला फायदा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 1.59 लाख से अधिक लाभार्थियों का इलाज इस योजना के तहत किया जा चुका है। वहीं 3.11 लाख से ज्यादा मेडिकल प्रक्रियाएं पूरी हुई हैं और ₹522 करोड़ से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। योजना के तहत सर्जरी, कैंसर उपचार, डायलिसिस, नवजात शिशु देखभाल, हृदय रोग उपचार और आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं।
839 अस्पतालों में मिलेगा इलाज
‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ अपडेटेड हेल्थ बेनिफिट पैकेज 2.2 के तहत चलाई जा रही है, जिसमें करीब 2,300 हेल्थ पैकेज शामिल हैं। यह सुविधा पंजाब के 839 सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। इसके अलावा 98 विशेष उपचार पैकेज केवल सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
43 लाख से ज्यादा हेल्थ कार्ड जारी
राज्य में योजना को लेकर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अब तक 43 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं। लुधियाना, पटियाला और जालंधर जैसे जिलों में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन देखने को मिले हैं।
आसान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कॉमन सर्विस सेंटर, सरकारी अस्पतालों, जिला कार्यालयों और विशेष कैंपों में कराया जा सकता है। आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे सामान्य दस्तावेजों के जरिए लोग आसानी से योजना का लाभ ले सकते हैं।
योजना से कैसे होगी ₹10 लाख तक की बचत?
- प्रति परिवार हर साल ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज
- सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में सुविधा
- कैंसर, डायलिसिस, सर्जरी और आपातकालीन इलाज शामिल
- इलाज से पहले और बाद के खर्च भी कवर
- कर्ज और संपत्ति बेचने जैसी परेशानियों से राहत
- आसान और तेज रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना पंजाब के स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव ला सकती है। तेजी से बढ़ते निजी इलाज के खर्च के बीच यह स्कीम लोगों को आर्थिक सुरक्षा और भरोसा दोनों दे रही है।








