पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ी हुई कीमतों के बाद कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
जालंधर में अब पेट्रोल करीब ₹100.54 प्रति लीटर और डीजल ₹90.35 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत ₹97.44 और डीजल ₹85.56 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और पेट्रोलियम उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले एडिटिव्स की महंगी लागत इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देगा। खासकर रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। वहीं बढ़ते ईंधन दामों से अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।








