पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, उनके मैनेजर गुरप्रताप कंग के हरियाणा के करनाल स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
वायरल पोस्ट में टायसन बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हरी बॉक्सर के नाम का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
वायरल पोस्ट में क्या कहा गया?
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि गुरप्रताप कंग को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि दिलजीत दोसांझ की टीम का एक सदस्य कथित तौर पर महिलाओं के शोषण और गलत व्यवहार में शामिल रहा है। पोस्ट में ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान पंजाब की एक युवती को धोखा देने और उसके साथ दुर्व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इसके साथ ही पोस्ट में यह भी कहा गया कि दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम को कई बार संदेश भेजे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कथित गैंग पोस्ट में आगे गंभीर धमकियां भी दी गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी
फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसने की और वायरल पोस्ट का असली स्रोत क्या है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और घटना के बीच संबंध की जांच कर रही है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
अब तक Diljit Dosanjh या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से देख रही हैं।









