
पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन महासचिव कुंवर उदय सिंह राठौर ने आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और डेराबस्सी से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की मौजूदगी में उन्होंने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस छोड़कर ‘आप’ की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कुंवर उदय सिंह राठौर को सिरोपा भेंट कर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल किया और उनका स्वागत किया।
कांग्रेस में निभा चुके हैं कई अहम जिम्मेदारियां
कुंवर उदय सिंह राठौर लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) के पूर्व महासचिव रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता, सोशल मीडिया सेल पंजाब के चेयरमैन और मालवा जोन के सचिव इंचार्ज जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राठौर के ‘आप’ में शामिल होने से पार्टी को जमीनी स्तर पर संगठनात्मक मजबूती मिल सकती है।
‘ईमानदार लोग आप की नीतियों से जुड़ रहे’
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों और पंजाब के विकास के विजन से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न दलों के नेता पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंवर उदय सिंह राठौर जैसे अनुभवी नेता के शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि पार्टी पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के अपने संकल्प को तेजी से आगे बढ़ा रही है और हर मेहनती कार्यकर्ता को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा।









