
कनाडा से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंजाब के अबोहर जिले के रहने वाले पंजाबी बिजनेसमैन सतवीर सिंह उर्फ सैम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पंजाब समेत कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय में शोक और डर का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सतवीर सिंह अपने ऑफिस से निकलकर कार में घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी में सतवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कनाडा में सक्रिय बताए जा रहे ‘गोदारा गैंग’ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली है। गैंग की ओर से दावा किया गया है कि सतवीर सिंह उनके विरोधी गैंग की मदद कर रहे थे और कई बार चेतावनी देने के बावजूद पीछे नहीं हटे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की ‘इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम’ (IHIT) ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की साजिश को लेकर हर पहलू से जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतवीर सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से कनाडा में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। इस दुखद घटना के बाद पंजाब में रहने वाले उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया और ओंटारियो जैसे प्रांतों में पंजाबी मूल के युवाओं और कारोबारियों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे प्रवासी भारतीय समुदाय में चिंता का माहौल बना हुआ है।









