पंजाब के जालंधर में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच महिला मित्रों को गोवा ट्रिप के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगा दिया गया। पीड़ित महिलाओं की उम्र 40 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जो हर साल साथ घूमने का प्लान बनाती थीं।
जानकारी के अनुसार, इस बार किटी पार्टी के दौरान महिलाओं ने गोवा घूमने का फैसला किया। ट्रिप की योजना बनाते समय एक महिला को इंटरनेट पर “गोवा डॉट मस्ती” नाम की वेबसाइट मिली, जिसमें लग्ज़री रिसॉर्ट्स और भारी छूट के आकर्षक ऑफर दिखाए गए थे।
वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को ट्रैवल एजेंट बताया और करीब 6 लाख रुपये के पैकेज को 4 लाख रुपये में देने का प्रस्ताव रखा। पैकेज में पांच रातों का स्टे, भोजन, लोकल ट्रांसपोर्ट और वाटर एक्टिविटीज शामिल होने का दावा किया गया।
ऑफर से प्रभावित होकर महिलाओं ने बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उन्हें व्हाट्सऐप पर ई-टिकट और होटल वाउचर भेजे गए, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हो गया। यात्रा की खुशी में उन्होंने करीब 2 लाख रुपये की शॉपिंग भी कर ली।
हालांकि, यात्रा से ठीक पहले जब टिकट और होटल बुकिंग की जांच की गई, तो सारा मामला फर्जी निकला। न तो फ्लाइट में कोई रिजर्वेशन था और न ही होटल में उनके नाम की कोई बुकिंग। इसके बाद जिस नंबर से संपर्क हुआ था, वह भी बंद मिला।
पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें।










