जालंधर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाना-1 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड-84 के कांग्रेस पार्षद के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पार्षद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर का डर दिखाते हुए पुराने चुनावी प्रतिद्वंद्वी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में रविदास नगर निवासी पुनीश उर्फ हनी विरदी ने बताया कि 7 मार्च की रात आरोपी पार्षद नीरज जस्सल उर्फ कालू ने उस पर हमला किया। शिकायत के मुताबिक, पार्षद ने पहले अपनी रिवॉल्वर निकालकर हवा में लहराई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद विवाद बढ़ने पर पार्षद ने रिवॉल्वर की बट से पुनीश के माथे और नाक पर वार किया।
हमले में पुनीश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है










