
पंजाब की राजनीति से इस समय बड़ी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सनौर हलके से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से फरार चल रहे थे और आखिरकार पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें पटियाला लाकर अदालत में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी।
पठानमाजरा के खिलाफ 1 सितंबर 2025 को गंभीर आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376, 420 और 506 के तहत मामला दर्ज किया था।
एफआईआर के मुताबिक, एक महिला ने आरोप लगाया है कि साल 2013-14 में विधायक ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में धोखा दिया। शिकायत के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।









