पंजाब में सियासी हलचल के बीच अमृतसर से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सरकारी कर्मचारी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने देर रात पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और पीए दिलबाग सिंह बागा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक कर्मचारी ने आत्महत्या से पहले मंत्री का नाम लिया था, जिसके बाद यह मामला गंभीर हो गया। घटना के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लालजीत भुल्लर को मंत्री पद से हटा दिया था।
वहीं, विपक्षी नेताओं और मृतक के परिजनों ने थाने में डेरा डालकर FIR दर्ज करने की मांग को लेकर दबाव बनाया। लगातार विरोध और बढ़ते दबाव के चलते पुलिस ने आखिरकार देर रात केस दर्ज किया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









