
पंजाब के पट्टी क्षेत्र से जुड़े एक दंपति की हरियाणा के पानीपत के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों अमेरिका से अपने पैतृक गांव मरगिंदपुरा लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच रणजीत सिंह और उनकी पत्नी सतिंदर कौर अमेरिका से भारत पहुंचे थे और दिल्ली एयरपोर्ट से कार द्वारा अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी पानीपत के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार एक ट्रक से जा भिड़ी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रणजीत सिंह पूर्व जिला प्लानिंग बोर्ड सदस्य भी रह चुके थे और इलाके में समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। उनके बेटे का पहले ही निधन हो चुका है और बेटे की याद में उन्होंने गांव के लोगों की सेवा के लिए जमीन दान कर मोहल्ला क्लीनिक बनवाने का फैसला किया था।
इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों समेत कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया।








