
पंजाब विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की। बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ शुरू करने का ऐलान किया गया।
सरकार के मुताबिक इस योजना के तहत अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। हालांकि आयकर देने वाली महिलाओं को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।
योजना की घोषणा के बाद कई लोगों ने इसे सीमित दायरे वाली स्कीम बताया है। आलोचकों का कहना है कि योजना सभी महिलाओं के लिए समान नहीं है और कामकाजी तथा टैक्स देने वाली महिलाओं को इससे बाहर रखना सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य सरकार ने सभी महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया था। ऐसे में बजट में किए गए इस ऐलान को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है और विपक्ष इसे चुनावी वादा पूरा न करने का मुद्दा बना रहा है।








