
रूपनगर: होला मोहल्ला के मद्देनज़र श्री आनंदपुर साहिब और श्री कीरतपुर साहिब ब्लॉक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 3 दिन की छुट्टी घोषित की गई है। जिला मैजिस्ट्रेट रूपनगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2 मार्च से 4 मार्च तक शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
प्रशासन को मिली जानकारी के अनुसार, 2 से 4 मार्च तक श्री आनंदपुर साहिब में मनाए जा रहे होला मोहल्ला में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी भीड़ और यातायात दबाव के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई हो सकती है। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हालांकि जिन स्कूलों में इन तिथियों के दौरान बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। ऐसे संस्थान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं संचालित करेंगे।
होला मोहल्ला क्यों है खास?
होला मोहल्ला सिख परंपरा का महत्वपूर्ण उत्सव है, जिसकी शुरुआत दशम पातशाह गुरु गोबिंद सिंह जी ने की थी। इस दौरान धार्मिक दीवान, कीर्तन, गतका प्रदर्शन और नगर कीर्तन आयोजित किए जाते हैं। विशेष रूप से Takht Sri Kesgarh Sahib में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आमद होती है।








