
जालंधर जिले में एक कारोबारी की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। रामपुर गांव की कच्ची सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास 50 वर्षीय बबलू का शव मिला। मृतक की पहचान गांव रामपुर, नूरमहल निवासी बबलू के रूप में हुई है, जो नकोदर में “बबलू गारमेंट्स” नाम से दुकान चलाते थे। वह अविवाहित थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तेजधार हथियार से वार कर हत्या की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल शाहकोट पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।








