चंडीगढ़, 28 फरवरी। पंजाब की सियासत में बरनाला रैली को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि रैली के पोस्टरों में पंजाब के नेताओं को जगह तक नहीं मिली।
‘आप’ पंजाब के मीडिया प्रभारी Baltej Pannu ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि जो नेता रोज “दिल्ली वाले आ गए” का नारा लगाते हैं, वे अब बताएं कि Rahul Gandhi और Mallikarjun Kharge कहां से हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं की हैसियत हाईकमान के सामने कमजोर हो चुकी है।
पन्नू ने यह भी कहा कि जो कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे थे, उनकी तस्वीरें तक पोस्टरों से गायब रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान साफ नजर आ रही है।
‘आप’ ने दावा किया कि कांग्रेस पहले पंजाब को दिल्ली से चलाने का आरोप लगाती रही है, लेकिन अपनी ही रैली में पंजाब के नेताओं को प्रमुखता नहीं देना कई सवाल खड़े करता है।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।









