पंजाब के फगवाड़ा शहर से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) के बीसी विंग के दोआबा प्रभारी और वरिष्ठ नेता दलजीत राजू को एक बार फिर धमकी भरे कॉल और मैसेज भेजे गए हैं। बताया जा रहा है कि विदेश नंबर से लगातार कॉल कर उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने +44 (यूके) कोड वाले नंबर से कई मिस्ड कॉल कीं। इसके बाद व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक और डराने वाले संदेश भेजे गए। स्क्रीनशॉट में दिख रहा है कि पहले लगातार “Missed voice call” की गईं और फिर मैसेज में लिखा गया – “अब तेरे घर में से किसी का भी नुकसान हो सकता है… जितना मेरा नुकसान हुआ है, उतना तेरा करूंगा… तेरी सारी जिंदगी में पूरा नहीं होगा।”
एक अन्य संदेश में आरोपी ने परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि वह अब इंतजार नहीं करेगा और सीधे नुकसान पहुंचाएगा। मैसेज की भाषा से साफ है कि धमकी देने वाला व्यक्ति लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दलजीत राजू को धमकी भरे फोन आ चुके हैं। इतना ही नहीं, उनके घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की घटना भी हो चुकी है। ऐसे में एक बार फिर मिली धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कॉल डिटेल और नंबर की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।









