गुरदासपुर: शहर के अंदरूनी बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सुनार की दुकान पर नकली चांदी बेचने आई महिला को लोगों ने पकड़ लिया। दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दुकानदार अंजय वर्मा ने बताया कि एक महिला, जो खुद को राजस्थान की रहने वाली बता रही थी, एक लड़की के साथ दुकान पर आई। उसने चांदी के गहने बेचने की बात कही। जब गहनों की जांच की गई तो उनमें चांदी नहीं मिली।
दुकानदार के अनुसार, महिला को पकड़ने की कोशिश की गई तो उसके साथ आई लड़की मौके से भाग गई। लोगों ने महिला को काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना सिटी गुरदासपुर के पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि महिला की पहचान मंजू पत्नी जमीनत कुमार, निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।









