
चंडीगढ़ सहित पंजाब के कई जिलों में आम आदमी पार्टी ने भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और समझौते को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि यह समझौता किसानों और छोटे व्यापारियों के हित में नहीं है। किसान विंग के अध्यक्ष मोहिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि यदि अमेरिकी डेयरी और कृषि उत्पाद बिना टैक्स के भारतीय बाजार में आएंगे तो स्थानीय किसानों को भारी नुकसान होगा। सस्ते आयात से मंडियों में दाम गिर सकते हैं।
ट्रेड विंग के महासचिव रणजीत पाल सिंह ने कहा कि जहां अमेरिकी उत्पादों पर भारत में टैक्स नहीं लगेगा, वहीं भारतीय सामान पर अमेरिका में 18 प्रतिशत तक शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने इसे असमान शर्तें बताया और कहा कि बराबरी का व्यापार होना चाहिए।
महासचिव सतवीर सिंह बख्शीवाला ने कहा कि इस फैसले से देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा। उनका कहना था कि सरकार को पहले किसानों और व्यापारियों से सलाह लेनी चाहिए थी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करेंगे। उनका दावा है कि पंजाब के लोग खेती और व्यापार से जुड़े फैसलों पर समझौता नहीं होने देंगे।










