
रोपड़ बाइपास पर चाइना डोर की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 65 वर्षीय अमरीक सिंह की बाजू गहराई तक कट गई। वह मोरिंडा से रोपड़ के अलीपुर गांव की ओर जा रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी और पोती भी सवार थीं, जो सुरक्षित रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक बाइपास के पास पहुंची, सड़क के ऊपर लटकी चाइना डोर अचानक बाइक में उलझ गई। डोर इतनी तेज थी कि अमरीक सिंह की बाजू बुरी तरह कट गई। मांसपेशियों और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। बाजू पर करीब 15 से 20 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा।
डॉक्टरों ने चाइना डोर से होने वाली चोटों को बेहद खतरनाक बताया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर खुलेआम बिक रही है, जिस पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।









