
शिमला घूमने जाने वाले सैलानियों के लिए राहत भरी खबर है। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से शिमला के संजोली हेलीपैड तक हेली टैक्सी सर्विस शुक्रवार से शुरू की जा रही है। इस सुविधा के शुरू होने से चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों से शिमला पहुंचना अब बेहद आसान और कम समय वाला हो जाएगा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, चंडीगढ़-शिमला रूट पर हेली टैक्सी की लंबे समय से मांग थी। इसी को देखते हुए सर्विस ऑपरेटर कंपनी के साथ समन्वय कर यह सेवा शुरू की गई है। इस हेली टैक्सी का किराया लगभग 3169 रुपये तय किया गया है। इसके साथ ही शिमला से कुल्लू और संजोली से रेकोंगपियो रूट पर भी भविष्य में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अब तक चंडीगढ़ से शिमला ट्रेन या सड़क मार्ग से जाने में 4 से 5 घंटे का समय लगता था, जबकि हेली टैक्सी के जरिए यह सफर महज 30 मिनट में पूरा होगा। यह सुविधा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी, जो कम समय में यात्रा करना चाहते हैं या वीकेंड पर शिमला घूमने का प्लान बनाते हैं।
हेलीकॉप्टर रोजाना सुबह 9:15 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा और करीब 9:45 बजे संजोली हेलीपैड पर पहुंचेगा। वापसी में यह सुबह 9:50 बजे शिमला से उड़ान भरकर 10:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा।
फिलहाल यह सर्विस सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और सोमवार को संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए आने वाले समय में इसके दिन बढ़ाए जा सकते हैं









