
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल के हालिया बयान पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी को लेकर तीखा हमला बोला है। पन्नू ने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए हिंसा जैसे हथकंडों को स्वीकार करना कांग्रेस की राजनीति का सबसे काला चेहरा उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर बयान के बाद भी कांग्रेस के बड़े नेता खामोश क्यों हैं।
चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि राजिंदर कौर भट्टल का यह दावा बेहद गंभीर है कि कांग्रेस सरकार गिराने के लिए पंजाब में बम धमाके कराने की सलाह दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस बयान के वायरल होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन न तो भट्टल ने कोई सफाई दी और न ही कांग्रेस नेतृत्व ने इसकी निंदा की। यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
पन्नू ने कहा कि पंजाब पहले ही हिंसा और अशांति का लंबा और दर्दनाक दौर देख चुका है। उस समय हजारों परिवार उजड़ गए और एक पूरी पीढ़ी बर्बाद हो गई। ऐसे में राजनीतिक फायदे के लिए हिंसा की बात करना न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि पंजाब के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आतंक और बम धमाकों को राजनीति का औजार बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आप नेता ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा से सीधे सवाल पूछते हुए कहा कि पंजाबियों को यह जानने का हक है कि भट्टल सच बोल रही हैं या नहीं। अगर यह बयान गलत है तो कांग्रेस को खुलकर सामने आकर इसे झूठ कहना चाहिए, और अगर सच है तो यह बताना चाहिए कि बम धमाकों की सलाह किसने दी थी। कौन से नेता, अधिकारी या सलाहकार इसमें शामिल थे, उनके नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
पन्नू ने इस मुद्दे को पहले हुए बम धमाकों से भी जोड़ा और कहा कि 2017 के चुनाव से पहले हुए विस्फोटों में मासूम लोगों, यहां तक कि बच्चों की जान चली गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वे घटनाएं भी सत्ता पाने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा थीं। अगर ऐसा है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधते हुए पन्नू ने कहा कि इन पारंपरिक पार्टियों ने हमेशा पंजाब के हितों से समझौता किया है। चाहे एसवाईएल का मुद्दा हो, चंडीगढ़ का मामला, पंजाब यूनिवर्सिटी या बीबीएमबी, इन दलों ने सत्ता के लिए पंजाब के हकों की कुर्बानी दी। उन्होंने कहा कि आज उन्हीं पार्टियों के नेता अपने बयानों से उस काले इतिहास को उजागर कर रहे हैं।
पन्नू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के अधिकारों और सम्मान के लिए मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि आप सरकार किसी भी कीमत पर पंजाब को दोबारा राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला नहीं बनने देगी। पंजाब की शांति, युवाओं का भविष्य और राज्य के हक सुरक्षित रहेंगे।
अंत में पन्नू ने कहा कि सच को ज्यादा समय तक छुपाया नहीं जा सकता। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे अतीत को याद रखें और उन ताकतों को दोबारा सत्ता में आने से रोकें, जिन्होंने पहले भी पंजाब को नुकसान पहुंचाया है।









