
जालंधर के प्रतिष्ठित मॉडल टाउन मार्केट को एक नई और सकारात्मक पहचान देने की दिशा में मॉडल टाउन शॉपकीपर वेलफेयर एसोसिएशन ने सराहनीय कदम उठाया है। एसोसिएशन के प्रधान राजीव दुग्गल के नेतृत्व में पूरे मार्केट क्षेत्र में कुल 60 आधुनिक स्पीकर्स लगाए गए हैं। इन स्पीकर्स के माध्यम से सुबह के समय गुरबाणी कीर्तन और शाम को मधुर व हल्का संगीत प्रसारित किया जाएगा, जिससे बाजार का माहौल और अधिक शांत, सुकूनदायक और आकर्षक बनेगा।
प्रधान राजीव दुग्गल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बाजार में आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को एक सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गुरबाणी और संगीत न केवल मानसिक शांति प्रदान करेगा, बल्कि बाजार की रौनक बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इससे ग्राहकों को खरीदारी के दौरान बेहतर अनुभव मिलेगा और बाजार में फुटफॉल बढ़ने की पूरी उम्मीद है।
गौरतलब है कि राजीव दुग्गल के प्रधान बनने के बाद से मॉडल टाउन मार्केट में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। उनकी प्राथमिकताओं में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, बाजार को सुव्यवस्थित बनाना और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल रहा है, ताकि जालंधर के इस प्रमुख बाजार में आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिल सके।
इन मार्गों पर लगाए गए हैं स्पीकर्स:
-
चाट हाउस से माता रानी चौक तक
-
एप्पल स्टोर से पंजाब एंड सिंध बैंक तक
-
बैंक के पीछे और चाचे वाली गली
-
ब्ल्यू फॉक्स से न्यू जिम तक
-
वन स्टॉप शॉप से केएफसी तक
-
ओल्ड कैप्शन से लाली भाई जी के कार्यालय तक
-
पुलिस स्टेशन सेक्टर-6 वाली गली
-
मायर वर्ल्ड चौक से शिवानी पार्क तक
मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने इस पहल की खुले दिल से सराहना की है और इसे मॉडल टाउन को और अधिक ग्राहक-अनुकूल बनाने वाला कदम बताया है।
इसके साथ ही राजीव दुग्गल ने बताया कि आने वाले दिनों में मॉडल टाउन मार्केट में लोहड़ी, माघी और 26 जनवरी को भी धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर चेयरमैन लखबीर सिंह लाली घुम्मन, वाइस चेयरमैन सुखबीर सिंह, उपप्रधान रमेश लखनपाल, महासचिव सुखविंदर सिंह नंदरा, कैशियर एस.पी. सिंह ढींगरा सहित कई पदाधिकारी और दुकानदार उपस्थित रहे।








