
पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सतलुज दरिया का जल स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। फिल्लौर के आसपास बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार शनि गांव में सतलुज का पानी घुस गया है, जहां लगभग 8 फीट तक पानी भर गया है और गांव का रास्ता बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। वहीं नदी के आसपास रह रहे लोगों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने को कहा गया है।
बता दें कि रात को डिप्टी कमिश्नर ने अलर्ट जारी किया था। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का पानी तेजी से सतलुज में जा रहा है। इसका सीधा असर फिल्लौर और आसपास के गांवों पर पड़ सकता है। डीसी ने साफ किया कि प्रशासन की टीमें चौकसी पर हैं और बांधों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
बाढ़ से निपटने के लिए शहर में कई रिलीफ सेंटर बनाए गए हैं, जहां जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित शरण दी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी किनारे, नालों और पुलों के पास जाने से बचें और किसी भी खतरे की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।









