पंजाब के लुधियाना में वन्य जीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग और पुलिस ने राम तोतों की अवैध तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान विशाल ग्रोवर के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से दो जीवित राम तोते बरामद किए गए हैं।
वन्य जीव रेंज ऑफिसर अनू द्वारा दी गई पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और छापेमारी कर आरोपी को काबू किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी इन दुर्लभ पक्षियों को अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था। बरामद तोतों को पिंजरे में कैद कर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था, जिन्हें मौके पर ही मुक्त कर सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसके अन्य सदस्यों की भी जल्द पहचान हो सकती है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बेजुबान जानवरों और पक्षियों की तस्करी एक गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









