पंजाब के लुधियाना में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर वाहन मॉडिफाई करवाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के मॉडल टाउन निवासी एक युवक की महिंद्रा थार का चौड़े (ओवरसाइज) टायर लगवाने के कारण चालान किया गया है। पुलिस ने वाहन मॉडिफिकेशन के उल्लंघन में 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
सोशल मीडिया शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग को सोशल मीडिया के माध्यम से उक्त वाहन की मॉडिफिकेशन संबंधी शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन नंबर की जांच की और कार्रवाई शुरू की।
जांच के बाद जोन इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनीता कौर ने वाहन मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान जारी किया।
नियमों के खिलाफ है ओवरसाइज टायर लगवाना
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वाहन निर्माता कंपनी द्वारा निर्धारित साइज से अलग ओवरसाइज या चौड़े टायर लगवाना मोटर व्हीकल नियमों का उल्लंघन है। ऐसे बदलाव से वाहन की ब्रेकिंग, संतुलन और कंट्रोल प्रभावित हो सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
वाहन मालिकों से नियमों का पालन करने की अपील
इंस्पेक्टर सुनीता कौर ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का मॉडिफिकेशन कराने से पहले संबंधित नियमों की जानकारी अवश्य लें और केवल वैध व स्वीकृत बदलाव ही करवाएं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












