
पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में घने कोहरे और तापमान में गिरावट को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना और पटियाला जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है।
मौसम विभाग ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर वाहन चालकों को कोहरे के दौरान बेहद सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क किया जाए। ठंड और कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात के प्रभावित होने की भी आशंका जताई जा रही है।
उधर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब के लिए 2 से 5 जनवरी 2026 तक जिला-वार मौसम अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 2 और 3 जनवरी को कोहरे का प्रकोप सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान कुछ जिलों में अत्यधिक घना कोहरा, शीत लहर और ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनने की संभावना है। विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है।
इसके साथ ही कुछ जिलों में हल्की बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 4 और 5 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में मौसम में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है, हालांकि कई स्थानों पर शीत लहर का असर बना रहेगा। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।








