
जालंधर। जालंधर के गांव नूरपुर स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं की छात्रा खुशप्रीत कौर (19) की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना मकसूदां में टीचर तरनजोत कौर के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि शिक्षिका शिवानी फरार बताई जा रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के मुताबिक, खुशप्रीत सुबह रोल नंबर लेने स्कूल गई थी। कुछ देर बाद पिता जरनैल सिंह को एक शिक्षिका के फोन से कॉल आई, जिसमें छात्रा रोते हुए खुद पर पैसे चोरी का आरोप लगने की बात कह रही थी। पिता ने उसे भरोसा दिलाया कि वे स्कूल पहुंच रहे हैं।
परिवार का दावा है कि थोड़ी देर बाद दोबारा फोन कर बताया गया कि असली आरोपी कोई और छात्रा है। लेकिन जब परिजन स्कूल पहुंचे तो खुशप्रीत का शव कमरे में मिला। पिता ने गले पर निशान होने का आरोप लगाया और स्कूल स्टाफ पर दबाव बनाने तथा लापरवाही के गंभीर सवाल उठाए।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेजा गया है। मामले में अन्य शिक्षकों से भी पूछताछ होगी। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से शिक्षिका शिवानी की तलाश जारी है। पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था और छात्र सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।








