
गुरदासपुर: शहर के नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर-5 में सराफ के घर हुई करीब 7 करोड़ रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट का कुछ सामान भी बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले करीब छह बदमाश निहंग के भेष में सराफ वरुण के घर पहुंचे थे। आरोपियों ने घर में घुसते ही परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और हथियारों के बल पर घर में रखी नकदी व कीमती सामान सहित लगभग 7 करोड़ रुपये की लूट को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।








